मीरजापुर में कोतवाली देहात पुलिस द्वारा तीन गोवंश बरामद और चार गो-तस्कर गिरफ्तारमीरजापुर के बरकछा में गो-तस्करी के खिलाफ कार्रवाई के दौरान तीन गोवंश बरामद।

बरकछा बीएचयू गेट के पास पुलिस की कार्रवाई; दो बाइक, पिकअप, 20,500 रुपये नकद और चार मोबाइल बरामद

Mirzapur Cow Smuggling : जनपद में गो-तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना कोतवाली देहात पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने बरकछा स्थित बीएचयू गेट के पास घेराबंदी कर पिकअप वाहन में क्रूरता पूर्वक बांधकर वध के लिए ले जाए जा रहे तीन गोवंश (गाय) बरामद किए। मौके से पुलिस ने चार कथित गो-तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से दो मोटरसाइकिल, 20,500 रुपये नकद और चार मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं।

पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देश पर जनपद में अपराधियों की धरपकड़ और गो-तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी सदर के नेतृत्व में कोतवाली देहात पुलिस टीम ने 24 नवंबर 2026 को मुखबिर की सूचना पर बरकछा बीएचयू गेट के पास कार्रवाई की।

पुलिस ने मौके से मनोज चौधरी निवासी झारखंड, इन्देश कुमार मिश्रा और लवकुश यादव निवासी प्रयागराज तथा सूर्य कुमार निवासी मीरजापुर को गिरफ्तार किया।

पूछताछ में सामने आया गो-तस्करी का नेटवर्क


पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपियों ने बताया कि वे अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर छुट्टा गायों को पकड़ते थे और पिकअप में लादकर झारखंड के गढ़वा जिले के मुड़ी समर ले जाते थे। वहां गोवंशों को एकत्र किया जाता था और बाद में बड़े वाहनों के जरिए वध के लिए पश्चिम बंगाल भेजा जाता था।

आरोपियों ने कथित तौर पर यह भी बताया कि इस काम से मिलने वाली रकम आपस में बांट ली जाती थी। पुलिस से बचने के लिए पशु खरीदारी की मेला रसीद, पशुओं के फिटनेस और परिवहन से संबंधित फर्जी दस्तावेज तैयार किए जाते थे।

ये सामान हुआ बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन गोवंश, एक पिकअप वाहन (UP70QT4205), दो मोटरसाइकिल (UP63BM9229 और UP70JE3571), 20,500 रुपये नकद तथा चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

इन धाराओं में दर्ज हुआ मुकदमा

इस मामले में थाना कोतवाली देहात में मुकदमा संख्या 541/2026 के तहत गोवध निवारण अधिनियम की धारा 3/5ए/8, पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11 तथा बीएनएस की धाराओं 318(4), 338 और 340(2) में अभियोग पंजीकृत किया गया है।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश करने के बाद जेल भेज दिया है। बरामद पिकअप और दोनों मोटरसाइकिल को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत सीज किया गया है।

इस कार्रवाई को प्रभारी निरीक्षक कोतवाली देहात निरीक्षक भरत उपाध्याय ने पुलिस टीम के साथ अंजाम दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *