मुंबई में स्कूल सिनेमा इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल SC IFF 2026 का आयोजनमुंबई में SC IFF के 10वें संस्करण में शामिल छात्र और फिल्म निर्माता

स्कूल सिनेमा इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल का 10वां संस्करण आयोजित, 25 हजार सरकारी और 550 निजी स्कूलों तक पहुंचेगा महोत्सव

SCIFF 2026 Mumbai : दुनिया के सबसे बड़े चिल्ड्रन्स फिल्म फेस्टिवल्स में से एक, स्कूल सिनेमा इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल (एससीआईएफएफ) 2026 के 10वें संस्करण के तहत मुंबई के धीरूभाई अंबानी इंटरनेशनल स्कूल में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस आयोजन में 100 से अधिक छात्रों, फिल्म निर्माताओं, शिक्षकों और फिल्म उद्योग के पेशेवरों ने हिस्सा लेकर भारतीय कक्षाओं तक विश्व सिनेमा पहुँचाने के एक दशक पूरे होने का जश्न मनाया। कार्यक्रम में बच्चों के बीच रचनात्मकता, सहानुभूति और आलोचनात्मक सोच को बढ़ावा देने में सिनेमा की भूमिका पर प्रकाश डाला गया।

इस कार्यक्रम में एससीआईएफएफ की जूरी सदस्य रश्मि सिंह, लेखिका-निर्देशक सौम्या तिवारी, एनीमेला की सह-संस्थापक ऐनी दोशी, फिल्म निर्माता संकेत दीपक निकम, मयूरेश रवींद्र मोरे, रुमित अय्यर, हम्माद दानिश सहित कई युवा फिल्म निर्माता व सिनेमैटोग्राफर शामिल हुए।

एससीआईएफएफ के फेस्टिवल डायरेक्टर और एलएक्सएल आइडियाज़ के फाउंडर व चीफ लर्नर सैयद सुल्तान अहमद ने कहा, “पिछले दस सालों से एससीआईएफएफ की सोच बच्चों को केवल स्क्रीन दिखाना नहीं, बल्कि उन्हें जो वे देख रहे हैं उस पर सवाल पूछने और विचार करने के लिए प्रोत्साहित करना रही है। सिनेमा को समझदारी से देखना एक जीवन कौशल है। सबसे खास बात यह है कि धीरूभाई अंबानी इंटरनेशनल स्कूल के बच्चे जिन फिल्मों को देखते हैं, वही फिल्में देश के 25,000 सरकारी स्कूलों के बच्चों तक भी पहुंचती हैं। हमारा मकसद एक ऐसी पीढ़ी तैयार करना है जो स्वतंत्र रूप से सोच सके और अपनी खुद की कहानियां सुनाने का आत्मविश्वास रखे।”

धीरूभाई अंबानी इंटरनेशनल स्कूल और नीता मुकेश अंबानी जूनियर स्कूल के डीन और सीईओ श्री अभिमन्यु बसु ने कहा, “हमारा मानना है कि शिक्षा पाठ्यपुस्तकों की सीमाओं से परे होनी चाहिए। सिनेमा बच्चों को दुनिया को अलग-अलग नजरियों से देखने और दूसरों के प्रति सहानुभूति विकसित करने का अनूठा अवसर देता है। एससीआईएफएफ 2026 की मेजबानी से हमारे छात्रों को न केवल विश्व स्तर की कहानियां देखने को मिलीं, बल्कि फिल्म निर्माताओं की रचनात्मक प्रक्रिया को समझने का भी मौका मिला।”

14 नवंबर से 5 दिसंबर तक चलने वाले इस 10वें संस्करण में 31 देशों की 110 चुनिंदा बाल फिल्में 32 भाषाओं में दिखाई जा रही हैं। यह फेस्टिवल देश भर के 25,000 सरकारी स्कूलों और 550 निजी स्कूलों के लगभग 50 से 60 लाख बच्चों तक पहुँचेगा। फ्रांस और रूस इसके कंट्री पार्टनर हैं, जबकि इटली, रूस, दक्षिण कोरिया और अज़रबैजान के प्रतिष्ठित फिल्म फेस्टिवल इसके अंतरराष्ट्रीय साझेदार हैं। मणिपाल फाउंडेशन और पिरोजशा गोदरेज फाउंडेशन के सहयोग से सरकारी स्कूलों तक इसकी पहुँच सुनिश्चित की जा रही है।

अपने ‘वॉच, लर्न एवं मेक’ ढांचे के माध्यम से एससीआईएफएफ कक्षाओं को सिनेमाघरों में बदलता है (वॉच), 10 ऑनलाइन मास्टरक्लास के ज़रिए फिल्म निर्माण सिखाता है (लर्न), और 7-18 वर्ष के छात्रों को लघु फिल्में बनाने व अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रेरित करता है (मेक)।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *