~ सड़क सुरक्षा और यातायात दक्षता को बेहतर बनाने के लिए आए साथ ~
Toyota Varanasi Smart City Agreement : टोयोटा किर्लोस्कर मोटर (टीकेएम ) ने उत्तर प्रदेश के वाराणसी में सड़क सुरक्षा प्रवर्तन को मज़बूत बनाने के लिए वाराणसी स्मार्ट सिटी लिमिटेड के साथ एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं। इस साझेदारी के तहत शहर के 20 महत्वपूर्ण ट्रैफिक जंक्शनों पर आधुनिक सर्विलांस कैमरों की आपूर्ति और स्थापना की जाएगी, जिन्हें मौजूदा ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम के साथ एकीकृत किया जाएगा। इस एमओयू पर वाराणसी स्मार्ट सिटी लिमिटेड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री शाश्वत त्रिपुरारी (आईएएस), चीफ जनरल मैनेजर श्री अमरेंद्र और टोयोटा किर्लोस्कर मोटर के कंट्री हेड एवं एग्जीक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट (कॉर्पोरेट अफेयर्स) श्री विक्रम गुलाटी की उपस्थिति में हस्ताक्षर किए गए।
विश्व के प्राचीनतम जीवंत शहरों में से एक और प्रमुख पर्यटन व धार्मिक स्थल होने के कारण वाराणसी में हर वर्ष लाखों श्रद्धालुओं और वाहनों का भारी दबाव रहता है। इस पहल के माध्यम से TKM न केवल 20 प्रमुख चौराहों पर कैमरा सिस्टम तैनात करेगा, बल्कि सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियानों को भी समर्थन देगा। इस परियोजना से हेलमेट, सिग्नल और लेन अनुशासन के पालन में 20-30% की वृद्धि तथा ओवरस्पीडिंग और गलत दिशा में वाहन चलाने जैसे उल्लंघनों में 20–30% की कमी आने की उम्मीद है। साथ ही, उन्नत सीसीटीवी निगरानी से उल्लंघनों की पहचान करने की क्षमता में 50% से अधिक सुधार होगा। यह पहल भारत सरकार के सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय (MoRTH) के वर्ष 2030 तक सड़क दुर्घटनाओं में 50% कमी लाने के लक्ष्य के अनुरूप है।
वाराणसी स्मार्ट सिटी लिमिटेड के सीईओ श्री शाश्वत त्रिपुरारी (आईएएस) ने कहा, “लाखों श्रद्धालुओं और पर्यटकों का स्वागत करने वाले वाराणसी को ऐसे आधुनिक ट्रैफिक सिस्टम की आवश्यकता है, जो विकास के साथ लोगों की सुरक्षा भी सुनिश्चित करे। टोयोटा किर्लोस्कर मोटर के साथ यह साझेदारी हमारे २० सबसे व्यस्त जंक्शनों पर टेक्नॉलजी-संचालित निगरानी उपलब्ध कराएगी, जिससे हमें ट्रैफिक प्रबंधन और त्वरित कार्रवाई में बड़ी मदद मिलेगी।”
टोयोटा किर्लोस्कर मोटर के कंट्री हेड एवं एग्जीक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट (कॉर्पोरेट अफेयर्स) श्री विक्रम गुलाटी ने कहा, “टोयोटा में सड़क सुरक्षा ‘शून्य सड़क दुर्घटना’ वाले समाज के हमारे विज़न का अभिन्न हिस्सा है। वाराणसी स्मार्ट सिटी लिमिटेड के साथ इस सहयोग के ज़रिए हमारा उद्देश्य आधुनिक निगरानी उपकरणों से प्रशासन की सहायता करना और नागरिकों में सुरक्षित ड्राइविंग व्यवहार को बढ़ावा देना है। हमें विश्वास है कि यह पहल देश के अन्य शहरों में भी स्मार्ट मोबिलिटी के लिए एक आदर्श मॉडल बनेगी।”
उल्लेखनीय है कि वर्ष 2001 से TKM सड़क सुरक्षा, शिक्षा, पर्यावरण और कौशल विकास के क्षेत्र में निरंतर कार्य करते हुए अपने वैश्विक दर्शन “क्रिएटिंग मोबिलिटी फॉर ऑल” को साकार कर रही है।





