
मिर्जापुर : स्नातक निर्वाचन खंड से विधान परिषद सदस्य आशुतोष सिन्हा ने मुख्यमंत्री को पत्रक देकर स्थानीय चुनार क्षेत्र में संचालित पोस्टमार्टम हाउस (चीर घर) को बंद किए जाने पर गहरा रोष व्यक्त किया है।
मुख्यमंत्री को दिए पत्रक में एम.एल.सी. आशुतोष सिन्हा ने कहा है कि स्थानीय नरायनपुर, जमालपुर, अहरौरा, अदलहाट, चुनार, सीखड़, राजगढ़, मड़िहान व पटेहरा आदि पिछड़े क्षेत्रों के लोग दुर्घटनाग्रस्त हो जाने पर इसी पोस्टमार्टम हाउस (चीर घर) पर निर्भर करते हैं, जिसके बंद हो जाने से आम जनमानस को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है तथा उक्त कार्य हेतु ही क्षेत्रीय लोगों द्वारा जनपद मुख्यालय का चक्कर लगाने से समय व धन दोनों की बर्बादी भी हो रही है।
एम.एल.सी. श्री सिन्हा ने मानक के अनुरूप संसाधन उपलब्ध न करा पाने के कारण उक्त चीर घर बंद किए जाने को सरकार की विफलता करार देते हुए इसे पुनः संचालित किए जाने की मांग मुख्यमंत्री से की है। उक्त जानकारी विधान परिषद सदस्य के प्रतिनिधि डॉ. शक्ति श्रीवास्तव ने दी है।