रिपोर्ट : रीतेश वाघेला
मुंबई : चक्रवाती तूफान ‘जवाद’ का सबसे ज्यादा असर ओडिशा में देखने को मिलेगा। मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक, अगले 48 घंटों के अंदर अंडमान सागर में कम दबाव होने के कारण यह 3 दिसंबर तक चक्रवाती तूफान का रूप ले लेगा। इस बीच इस तूफान के 4 दिसंबर को ओडिशा के तट से टकराने का भी पूर्वानुमान पेश किया गया है। ओडिशा के सरकार ने सभी जिलों में चक्रवाती तूफान जवाद को लेकर अलर्ट जारी कर दिया है। मौसम विभाग ने अलग-अलग जिलों के लिए रेड, ऑरेंज और येलो अलर्ट भी जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक, कुछ इलाकों में अगले कुछ दिनों के अंदर भारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक, दक्षिण अंडमान सागर से उठकर यह तूफान उत्तरपश्चिम की तरफ बढ़ते हुए उत्तरी आंध्र प्रदेश और ओडिशा के तट से 4 दिसंबर की सुबह टकरा सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक, 4 दिसंबर को ओडिशा के कुछ हिस्सों में 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। ये हवाएं 12 घंटे तक चल सकती है। इस बीच ओडिशा सरकार ने 13 जिलों के कलेक्टरों को लोगों के बचाव कार्य की तैयारी करने को कहा है।